वेस्ट से कमाल, पेड़ों की ढाल बने विद्यार्थी
वेस्ट से कलाकृतियां बनाकर विद्यार्थियों ने दिया पेड़ बचाने का संदेश
नगर निगम द्वारा एसडी पब्लिक स्कूल में किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
यमुनानगर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में वेस्ट टू वंडर एवं वेस्ट टू आर्ट और पेड़ बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता, वेस्ट मैनेजमेंट और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वेस्ट टू आर्ट गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं वेस्ट सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल करते हुए सुंदर एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से बताया कि उचित प्रबंधन और पुनः उपयोग से वेस्ट सामग्री को उपयोगी बनाया जा सकता है। इस दौरान उन्हें आरआरआर यानी रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकल की अवधारणा के बारे में भी जागरूक किया गया।
वहीं, पेड़ बचाओ गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने पेड़ों के महत्व और उनके संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीकों से पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और पेड़ों की नियमित देखभाल के महत्व को प्रस्तुत किया। उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में पौधे लेकर पेड़ बचाओ, पर्यावरण बचाओ का संदेश देते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।
फोटो - मॉडल टाउन के एसडी पब्लिक स्कूल में वेस्ट सामान से बनाई अच्छी कलाकृतियां दिखाते विद्यार्थी।
पौधे हाथों में लेकर पेड़ बचाने का संदेश देते बच्चे।