पेप्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर भेड़ पालकों को बेहोश करने का आरोप, करीब 50 भेड़ें चोरी
पलवल/कोसीकलां। कोसीकलां और होडल के बीच टोल प्लाजा के समीप पलवल जिले की सीमा में भेड़ चराने वाले राजस्थान के जालौर निवासी लोगों को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने और उनकी करीब 50 भेड़ें चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है।
बताया गया है कि गत दोपहर करीब एक बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक भेड़ पालकों के पास पहुंचे और पहले दूध लेने की बात कही। इसके बाद उन्होंने कथित रूप से पेप्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। कुछ देर बाद दोनों युवक वहां से चले गए। उनके जाने के बाद भेड़ चराने वाले लोग बेहोश होकर वहीं पड़े रहे।
काफी देर तक उनके सड़क किनारे पड़े रहने के बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर उन पर पड़ी। लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें वापस पलवल लाया गया। तबीयत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चार लोगों को पलवल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी बताया गया है।
पीड़ितों के अनुसार, उनके बेहोश होने के दौरान आरोपी उनके पर्स तथा करीब 50 भेड़ों को लेकर फरार हो गए। घटना से सभी भेड पालक भयभीत हैं हालांकि, नशीला पदार्थ वास्तव में क्या था और कितनी भेड़ें चोरी हुई हैं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Palwal, Palwal | Aug 22, 2026