महिलाओं को हुनर से आत्मनिर्भर बनाने की पहल, खातेगांव में नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ
- हुनर से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, रोजगार के लिए बैंक ऋण भी दिलाएंगे : शिवराज सिंह चौहान
प्रदीप साहू, खातेगांव। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खातेगांव में नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने प्रशिक्षण के लिए पहुंची महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। खातेगांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से श्री चौहान ने वर्चुअली विदिशा, सीहोर और रायसेन के प्रशिक्षण केंद्रों का भी शुभारंभ किया। तीनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी महिलाएं ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं।
प्रशिक्षण के बाद रोजगार के लिए मिलेगा सहयोग
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रही हैं। आरसेटी के माध्यम से महिलाओं को सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर जैसे रोजगारपरक कार्यों का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल खातेगांव तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न जिलों की महिलाओं को भी इसका लाभ मिल रहा है। आरसेटी के माध्यम से व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के रहने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है। श्री चौहान ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाओं को अपना काम शुरू करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैंकों के माध्यम से ऋण दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। युवाओं एवं महिलाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग, कौशल विकास और करियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
50 लाख से अधिक बहनों को 'लखपति दीदीÓ बनाने का लक्ष्य
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देवास जिले में 25 सितंबर से 'समृद्धि अभियानÓ का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की बहनों के खातों में राशि अंतरित की जा रही है। इसके साथ ही महिलाओं को 'लखपति दीदीÓ बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 लाख से अधिक महिलाओं को 'लखपति दीदीÓ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा जाएगा। देश में स्वयं सहायता समूहों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
नशामुक्त समाज बनाने का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने नशा मुक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के विकास में बाधक है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और जिले में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
स्वरोजगार के लिए दो हितग्राहियों को ऋण के चेक
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने रोजगार स्थापित करने के लिए राम शंकर कौशल को 1 लाख 90 हजार रुपए तथा कमलेश राठौर को 3 लाख रुपए के ऋण वितरण के चेक प्रदान किए। दोनों लाभार्थियों ने आईसीटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि कंेद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
आरसेटी ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में आरसेटी अधिकारी ने बताया कि संस्थान द्वारा एक वर्ष तक पौधारोपण करने का संकल्प लिया गया है। इसके तहत नियमित रूप से पौधे लगाए जाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आरसेटी द्वारा लिए गए इस संकल्प की सराहना की।
बहनों ने राखी बांधकर जताया स्नेह
कौशल विकास प्रशिक्षण के शुभारंभ के बाद खातेगांव क्षेत्र की सैकड़ों बहनों ने उल्लासपूर्ण माहौल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। श्री चौहान ने भी बहनों के स्नेह को स्वीकार करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
सिलाई कौशल के साथ उद्यमिता का प्रशिक्षण
यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम बैंक ऑफ इंडिया स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण महिलाओं को महिला वस्त्र निर्माण एवं सिलाई का व्यावहारिक तथा तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा। इसके साथ ही स्वरोजगार एवं स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए उद्यमिता मार्गदर्शन और वित्तीय साक्षरता भी प्रदान की जाएगी।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप से किया सम्मानित
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खातेगांव में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में भी सहभागिता की। खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। सारिका नरेंद्र चौधरी भी मंचासीन थी, छात्राओं का माला पहनाकर सारिका नरेंद्र चौधरी ने स्वागत सम्मान किया।
Harda, Harda | Sep 6, 2026