हंडिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.93 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार
मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित 1.38 लाख रुपये का माल जब्त
अनोखा तीर, हरदा। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हंडिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 8.93 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 38 हजार रुपये कीमत का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना हंडिया पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी
थाना हंडिया प्रभारी निरीक्षक रामप्रसाद कवरेती को 5 सितंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हरे रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP09-QN-2741 से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर भैरोपुर से अबगांवकला की ओर जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस टीम एवं स्वतंत्र साक्षियों के साथ अबगांवकला नहर के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिली एमडी ड्रग्स
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम पिता मोजीराम जाट, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम अतरसमा, थाना सिविल लाइन बताया।
विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी की पेंट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 8.93 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 88 हजार रुपये है।
इसके अलावा ड्रग्स के परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 40 हजार रुपये, तथा एक ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल, कीमत लगभग 10 हजार रुपये भी जब्त किया गया।
इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 1 लाख 38 हजार रुपये कीमत का माल जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना हंडिया में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचना जारी है। नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
Harda, Harda | Sep 6, 2026