मऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे मंत्री ए.के. शर्मा, राहत सामग्री बांटकर जाना पीड़ितों का हाल
मऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने दौरा किया। मधुबन और दुबारी क्षेत्र में पहुंचकर मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और राहत शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने जनता इंटर कॉलेज परिसर में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री के पैकेट, दवाइयां और राहत सामग्री किट भी वितरित की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निचले और जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों और पशुओं को जरूरत के मुताबिक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा। राहत शिविरों में भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ का पानी उतरने के बाद संभावित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए मेडिकल टीमों को सक्रिय रखने, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और एंटी-लार्वा छिड़काव जैसे निरोधात्मक कार्य समय से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और हर जरूरतमंद तक समय से सहायता पहुंचनी चाहिए।