कोचरिया में खेत में मिला 8 फीट लंबा अजगर, वन विभाग की टीम ने किया सफल रेस्क्यू
कोचरिया/ भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल ग्राम पंचायत कोचरिया क्षेत्र में मूलचंद जी कुमावत और लक्ष्मण कुमावत के खेत में उस समय हड़कंप मच गया, जब चारा काट रही महिलाओं ने खेत में करीब 8 फीट लंबे अजगर को देखा। अजगर चारे के बीच छिपा हुआ था। सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
लक्ष्मण कुमावत ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वनपाल चंद्रपाल सिंह राणावत के निर्देशानुसार रेस्क्यू टीम के वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत, वनरक्षक दिनेश कुमार रेगर तथा टेक्निशियन शंकर लाल विश्नोई मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद चारे के बीच छिपे अजगर को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत ने सफलतापूर्वक अजगर का रेस्क्यू कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।
रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों के सहयोग ने भी अहम भूमिका निभाई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों को वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी वन्यजीव, अजगर अथवा जंगली जानवर के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने या पकड़ने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किया गया अजगर भारतीय रॉक पाइथन (Indian Rock Python) है, जो विषहीन प्रजाति है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पर्यावरण का अभिन्न हिस्सा हैं और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए वन्यजीवों का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वन विभाग की टीम की तत्परता से ग्रामीणों में व्याप्त डर भी दूर हुआ। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि खेतों और आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन विभाग को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से वन्यजीव और ग्रामीण, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
वन विभाग की सजगता और ग्रामीणों के सहयोग से 8 फीट लंबे अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल रही।