चांदसेन में ढाणी की जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस सेवादल ने उठाई आवाज
मानसून से पहले ग्रेवल सड़क निर्माण की मांग, करीब 250 ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी
मालपुरा ग्राम पंचायत चांदसेन की ढाणी में जर्जर सड़क की समस्या को लेकर टोंक जिला कांग्रेस सेवादल, मालपुरा-टोडारायसिंह विधानसभा क्षेत्र के महासचिव बन्नालाल मीणा वासनवाल ने विकास अधिकारी, पंचायत समिति मालपुरा को ज्ञापन सौंपकर सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत चांदसेन की वासनवालों की ढाणी में अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के करीब 250 लोग निवास करते हैं। पिछले वर्ष मानसून के दौरान अत्यधिक बारिश के कारण ढाणी की ग्रेवल सड़क जगह-जगह से टूट गई थी। ग्रामीणों की ओर से इसकी शिकायत ग्राम पंचायत को भी दी गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण ढाणी में रहने वाले छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त रास्ते के अलावा आवागमन के लिए कोई दूसरा सुविधाजनक मार्ग भी उपलब्ध नहीं है।
कांग्रेस सेवादल की ओर से विकास अधिकारी से मांग की गई कि आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए मानसून शुरू होने से पहले ग्रेवल सड़क का निर्माण/सुदृढ़ीकरण कराया जाए, ताकि ढाणीवासियों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिल सके।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।