महिलाओं की मेहनत से सर्वोदय समिति ने कमाए ₹23.49 लाख, 10 हजार से अधिक जीविका दीदियों को मिला स्वावलंबन का संबल
लखीसराय में सर्वोदय जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आम सभा, अगले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर भी बनी रणनीति
लखीसराय। महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत सर्वोदय जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, लखीसराय सदर की वार्षिक आम सभा मंगलवार को हसनपुर में आयोजित की गई। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 का आय-व्यय लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि समिति ने 96 लाख 96 हजार 363 रुपये की आय अर्जित की, जबकि 73 लाख 47 हजार 212 रुपये खर्च हुए। इस प्रकार समिति को 23 लाख 49 हजार 151 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी, समिति की अध्यक्ष ऊषा देवी, सचिव खुशबू देवी, कोषाध्यक्ष साधना देवी एवं निदेशक मंडल के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया तथा जीविका दीदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया।
अध्यक्ष ऊषा देवी ने अपने संबोधन में बताया कि समिति के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति आवासीय बालिका विद्यालय, बिहरौरा में जीविका दीदी की रसोई, दीदी अधिकार केंद्र, ग्रामीण बाजार सहित सदर अस्पताल, प्रखंड कार्यालय और पुलिस केंद्र की साफ-सफाई जैसी कई गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समिति से 37 ग्राम संगठन जुड़े हैं और 10 हजार से अधिक जीविका दीदियां इससे लाभान्वित हो रही हैं।
इस दौरान जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनीं प्रीति कुमारी और आशा देवी ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं मास्टर बुक कीपर मंजू देवी ने वर्ष 2025-26 का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए समिति की वित्तीय उपलब्धियों की जानकारी दी।
सभा में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना भी स्वीकृत की गई। इसमें समूह निर्माण, स्वरोजगार, बैंक लिंकेज, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देने के साथ अधिक से अधिक महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण अधिकारी शशि भूषण ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सर्वोदय समिति ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया है। वहीं प्रखंड परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार रंजन ने सामुदायिक संगठनों की नियमित बैठक और सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने जीविका दीदियों को अधिक से अधिक ऋण लेकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सर्वोदय समिति महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनी है। उन्होंने जीविका निधि, सतत जीविकोपार्जन योजना और मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 7 जीविका दीदियों, 2 बुक कीपर तथा वीणा जीविका महिला ग्राम संगठन को सम्मानित किया गया। अंत में सचिव खुशबू देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सरिता राम, क्लस्टर फैसिलिटेटर, जीविका ने किया।