लखीसराय जीविका महिला समिति की वार्षिक आम सभा संपन्न, ₹23.49 लाख का हुआ मुनाफा
लखीसराय सदर के हसनपुर में सर्वोदय जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी, समिति की अध्यक्ष ऊषा देवी, सचिव खुशबू देवी, कोषाध्यक्ष साधना देवी एवं निदेशक मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
सभा में वर्ष 2025-26 की वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि समिति की कुल आय ₹96,96,363, कुल व्यय ₹73,47,212 तथा शुद्ध मुनाफा ₹23,49,151 रहा। समिति से 37 ग्राम संगठन संबद्ध हैं और 10 हजार से अधिक जीविका दीदियां जुड़ी हुई हैं।
अध्यक्ष ऊषा देवी ने बताया कि समिति के माध्यम से बालिका विद्यालयों में रसोई, दीदी अधिकार केंद्र, ग्रामीण बाजार, सदर अस्पताल, प्रखंड कार्यालय और पुलिस केंद्र की साफ-सफाई जैसे कार्यों का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता मिली है।
बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई, जिसमें समूह विस्तार, स्वरोजगार, बैंक लिंकेज, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया। साथ ही महिलाओं को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ने पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर जीविका अधिकारियों ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 7 जीविका दीदियों, 2 बुक कीपर तथा वीणा जीविका महिला ग्राम संगठन को सम्मानित किया गया। अंत में सचिव खुशबू देवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।