लखीसराय में स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा भवन निर्माण की तैयारी तेज, डीएम ने किया संभावित स्थलों का निरीक्षण
लखीसराय में भविष्य की बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। मंगलवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम एवं परीक्षा भवन के निर्माण के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।
डीएम ने प्लस-2 देढ़नाथ उच्च विद्यालय, शर्मा और उच्च विद्यालय, बिहरौरा की उपलब्ध भूमि का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण में दोनों विद्यालयों में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त और उपयुक्त भूमि उपलब्ध पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूखंडों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य में भवन निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अंचलाधिकारी को दोनों भूखंडों की पैमाइश, सीमांकन और भूमि संबंधी सभी अभिलेखों का शीघ्र सत्यापन कर विस्तृत प्रस्ताव बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को भेजने का निर्देश दिया।डीएम ने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम और आधुनिक परीक्षा भवन बनने से जिले में बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन, गोपनीय प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण और प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था और मजबूत होगी। आवश्यकता पड़ने पर इस भवन का उपयोग अन्य शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।