लखीसराय। फ्रोजन सीमेन उत्पादन के लिए क्वारंटाइन स्टेशन की दिशा में बड़ी पहल, चानन में भूमि का निरीक्षण
लखीसराय, जिले में उच्च गुणवत्ता वाले फ्रोजन सीमेन उत्पादन और दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार योजना को गति देने के उद्देश्य से चानन अंचल में प्रस्तावित क्वारंटाइन स्टेशन के लिए चिन्हित भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण बिहार राज्य मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड), बरौनी के प्रबंध निदेशक की मौजूदगी में जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने किया।
राज्य सरकार की योजना के तहत प्रत्येक जिला समूह में सीमेन स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को मजबूत बनाया जा सके और उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले दुधारू पशुओं का विकास हो।
निरीक्षण के दौरान चानन अंचल के मौजा-रजौन स्थित 19.90 एकड़ सरकारी भूमि का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पाया कि स्थल मुख्य सड़क से जुड़ा है, प्राकृतिक रूप से शांत एवं हरित वातावरण में स्थित है तथा यहां बिजली, पेयजल, पशु चिकित्सा सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की पर्याप्त संभावना है।
जैव सुरक्षा मानकों की समीक्षा में यह भी पाया गया कि प्रस्तावित भूमि सीमेन स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर की उपयुक्त दूरी पर है, जिससे संक्रमण नियंत्रण, पशुओं के पृथक रख-रखाव और क्वारंटाइन अवधि के प्रभावी संचालन में सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के बाद कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक सहित सभी अधिकारियों ने सर्वसम्मति से भूमि को क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना के लिए उपयुक्त माना। जिला प्रशासन ने चानन के अंचल अधिकारी को पांच एकड़ भूमि का सीमांकन कर शीघ्र भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार को भेजने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से राज्य में उच्च गुणवत्ता वाले फ्रोजन सीमेन का उत्पादन बढ़ेगा, दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार योजना को नई गति मिलेगी और पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन व कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं का दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा।