बकेवर पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा
बकेवर पुलिस ने हत्यारोपी को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर खून से सनी ईंट और मृतक के मोबाइल के क्षतिग्रस्त पार्ट्स बरामद
फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में धान की फसल काटने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की ईंट से सिर कुचलकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के महज 24 घंटे के अंदर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट, मृतक के मोबाइल फोन के क्षतिग्रस्त पार्ट्स और आरोपी का लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक, बीती 13 नवंबर 2026 को वादी महेश कुमार ने सूचना दी थी कि उनके भाई रामजीवन (करीब 40 वर्ष) का शव ग्राम दिलावलपुर स्थित बाग के पास नहर पटरी के किनारे पड़ा मिला है। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान थे। शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम और जांच के दौरान हत्या की आशंका गहराने पर पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे मृतक रामजीवन और गांव निवासी रविशंकर उर्फ रवि के बीच धान की फसल काटने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, रविशंकर अपने खेत में धान की फसल काटने गया था। इसी दौरान शराब के नशे में मौजूद रामजीवन ने उसे फसल काटने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद बढ़ गया।आरोप है कि गुस्से में आकर रविशंकर ने पास में पड़ी फुल साइज ईंट उठाकर रामजीवन के सिर पर दो-तीन वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए घटनास्थल के आसपास की झाड़ियों को अस्त-व्यस्त कर दिया और मृतक की साइकिल को नहर पटरी की ढलान पर गिराकर रख दिया, ताकि लगे कि साइकिल से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन भी गलती से अपना समझकर उठा ले गया था। बाद में जानकारी होने पर उसने मोबाइल को तोड़कर उसके कई टुकड़े नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिए और मौके से फरार हो गया।
निशानदेही पर बरामद हुए अहम साक्ष्य ,पुलिस ने आरोपी रविशंकर उर्फ रवि पुत्र छेदालाल, निवासी ग्राम पधारा, थाना बकेवर, जनपद फतेहपुर (करीब 50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद खून से सनी ईंट, मृतक के काले रंग के लावा कंपनी के मोबाइल फोन के विभिन्न क्षतिग्रस्त पार्ट्स तथा आरोपी का एक काले रंग का लावा कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बकेवर बृजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल नितिन पटेल और कांस्टेबल संदीप चौधरी शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।
Kanpur, Kanpur Nagar | Nov 29, 2026