प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में की सहभागिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
________________
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर डीआरपी लाइन में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम
________________
विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी, स्वाभिमान पर्व की प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को मिले पुरस्कार
________________
खरगोन 01 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन डीआरपी लाइन में किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता की। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सभी विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा मध्यप्रदेश लगातार समृद्धि और खुशहाली की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में गरीबी कम हो रही है और समृद्धि का विस्तार हो रहा है। यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के समृद्ध राष्ट्र के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समृद्ध प्रदेश के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए योगदान देना चाहिए। हम स्वयं सुखी बनें और दूसरों को सुखी बनाएं, यही स्थापना दिवस का संदेश है।
प्रभारी मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बड़े भाई और छोटे भाई की तरह मिलकर विकास की गाड़ी को आगे बढ़ा रही हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को चार प्रमुख जातियां बताते हुए इनके कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकास के नए रास्ते मिले हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी निरंतर प्रगति कर रहा है।
श्री सारंग ने कहा कि लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा संचालित शासन व्यवस्था है। हम सभी को मिलकर मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और देश को विश्व में अग्रणी बनाने के लिए अपना योगदान देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, योग और विश्व शांति के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान का भी उल्लेख किया।
स्वाभिमान पर्व की प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को वितरित किए पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सारंग ने स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता किसान भाइयों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद, बड़वाह विधायक श्री सचिन बिरला, महेश्वर विधायक श्री राजकुमार मेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौड़, डीएफओ श्री रमेश राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम श्री सत्येंद्र बेरवा सहित अन्य जिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone Vishvas Kailash Sarang #मध्यप्रदेश_स्थापना_दिवस
#MPFoundationDay