प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 15 सितंबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सीताकुंड एवं सीता पथ का निरीक्षण
जिला पदाधिकारी ने लंबित कार्यों को 48 घंटे में पूर्ण कराने का दिया निर्देश
गया जी, 15 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 के सफल, सुचारू एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज सीताकुंड एवं सीता पथ का निरीक्षण जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री सुशील कुमार एवं माननीय विधायक, वजीरगंज श्री वीरेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों द्वारा सीताकुंड एवं सीता पथ पर श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सीताकुंड एवं सीता पथ की समुचित साफ-सफाई लगातार सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए पूरे क्षेत्र में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था हर समय बनी रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीता पथ पर नालियों के ऊपर लगे लोहे के स्लैब को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से जाम कराने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी अथवा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने सीताकुंड एवं सीता पथ पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विभिन्न स्थानों पर लगाए गए स्टैंड पोस्ट को शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित स्थलों पर पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सीताकुंड एवं सीता पथ पर स्थित शौचालयों की मरम्मती एवं आवश्यकतानुसार नए शौचालयों का अधिष्ठापन कराने का निर्देश दिया। नगर निगम एवं पीएचईडी विभाग को सभी शौचालयों में लगातार साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय की सुविधा उपलब्ध हो सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर चेंजिंग रूम बनवाने तथा सीता पथ एवं सीताकुंड के समीप बड़े आकार के शेड लगाने का भी निर्देश दिया गया। इन शेडों का उपयोग श्रद्धालुओं को धूप से बचाव के साथ-साथ छांव में तर्पण करने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
प्रकाश एवं सौंदर्यीकरण की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने पूरे सीता पथ एवं सीताकुंड क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी प्रकाश की कमी है, वहां अतिरिक्त लाइट लगाई जाए, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सीता पथ पर बड़े पेड़ों की टहनियों की आवश्यकतानुसार छंटाई कराने का निर्देश भी दिया गया, ताकि मार्ग सुरक्षित एवं सुगम बना रहे। साथ ही सीता पथ पर की गई वॉल पेंटिंग जहां भी खराब हो गई है, उसे दुरुस्त कराने एवं आवश्यकतानुसार सौंदर्यीकरण कार्य कराने का निर्देश दिया गया।
पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सुदृढ़
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री सुशील कुमार ने कहा कि सीता पथ, सीताकुंड तथा डैम के पीछे स्थित वाहन पार्किंग क्षेत्र में विशेष रूप से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ वाहनों एवं अन्य सामान की चोरी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण रखना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सीताकुंड आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां श्रद्धालु अपने वाहनों को निर्धारित स्थान पर सुरक्षित रूप से पार्क कर सकेंगे।
48 घंटे में लंबित कार्य पूर्ण कराने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं अन्य सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सीताकुंड एवं सीता पथ से संबंधित जो भी कार्य लंबित हैं, उन्हें अगले 48 घंटे के भीतर हर हाल में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
#facebookpost #facebookdaily #facebook #explorepage #facebookvideo
Gaya, Bihar | Sep 15, 2026