सेवा सेतु अभियान के तहत 4 अक्टूबर को लगेगा शिविर
________________
15 से अधिक विभागों के स्टॉल पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी और हितलाभ
________________
1 अक्टूबर को वृद्धजनों का सम्मान, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर होंगे कार्यक्रम
________________
खरगोन 30 सितंबर 2026। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के अंतर्गत 4 अक्टूबर 2026 को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिस्टान रोड खरगोन में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया अरूण जोशी की अध्यक्षता में नगरपालिका अमले की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अध्यक्ष श्रीमती जोशी ने निर्देश दिए कि शिविर में नगरपालिका की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। शिविर स्थल पर नगरपालिका सहित अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे। करीब 15 से अधिक विभागों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुश्री कमला कोल ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन के लिए निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने नगर के सभी वार्ड पार्षदों से अपील की कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक हितग्राहियों को शिविर में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।
1 अक्टूबर को वृद्धजनों का सम्मान एवं श्रमदान
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को सामाजिक न्याय विभाग एवं नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में सब्जी मंडी स्थित अंबेडकर पार्क में प्रातः 10 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें वृद्धजनों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत श्रमदान भी किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नगरपालिका अमला सहभागिता करेगा।
गांधी जयंती पर गांधी उद्यान में होगा माल्यार्पण
महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे टाउन हॉल स्थित गांधी उद्यान में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा शासन के निर्देशानुसार शपथ दिलाई जाएगी। वहीं सब्जी मंडी स्थित अंबेडकर पार्क में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष, सभापति, पार्षदगण, एल्डरमेन एवं नगरपालिका का अमला उपस्थित रहेगा।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान