स्वच्छ दूध उत्पादन एवं उन्नत पशुपालन पर दुग्ध उत्पादक किसानों को दिया प्रशिक्षण
________________
किसानों को कामधेनु एवं डेयरी प्लस योजना की दी जानकारी
________________
सहकारी समितियों से जुड़कर दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने का किया आह्वान
________________
खरगोन 30 सितंबर 2026। राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम अंतर्गत इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इंदौर द्वारा जिला सहकारी दुग्ध संघ, खरगोन के माध्यम से दुग्ध प्रदायक किसानों के लिए स्वच्छ दूध उत्पादन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारी प्रेरणा सदन, मुख्यालय खरगोन के सभागृह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में लगभग 103 दुग्ध उत्पादक किसानों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिला सहकारी संघ मर्यादित, खरगोन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव, दुग्ध संघ के नोडल अधिकारी श्री डी.पी. त्यागी, पशु चिकित्सा विभाग से सुश्री प्रियंका बघेल, दुग्ध संघ के सुपरवाइजर श्री शिवराम पाटीदार एवं श्री अश्विन जोशी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ओंकार यादव ने सहकारी संस्थाओं में सदस्यों की सदस्यता संबंधी योग्यता-अयोग्यता, अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सहकारी समितियों के सक्रिय सदस्य बनने तथा संस्था की गतिविधियों को बढ़ाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
पशु चिकित्सक सुश्री प्रियंका बघेल ने किसानों को कामधेनु योजना, डेयरी प्लस योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं में होने वाले रोगों, उनसे बचाव, टीकाकरण एवं पशु स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए समय-समय पर पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की।
मुख्य वक्ता श्री डी.पी. त्यागी ने स्वच्छ दूध उत्पादन, उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन, संतुलित फीडिंग, पशुओं की स्वच्छता एवं देखभाल तथा बीमार एवं अनुपयोगी पशुओं की छंटनी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने दुग्ध के व्यावसायिक उत्पादन और इससे होने वाले लाभों की भी जानकारी किसानों को दी।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ सदस्य एवं इंदौर दुग्ध संघ के पूर्व संचालक श्री बलिराम पाटीदार ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों से जुड़े रहने तथा दुग्ध का विक्रय सहकारी समिति के माध्यम से करने का आग्रह किया।
#JansamparkMP #khargone