छह घंटे में मोटर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
गाजीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के गौरा गांव में पानी की मोटर चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पानी की मोटर भी बरामद कर ली।
जानकारी के अनुसार, गौरा निवासी फरेंद्र कुमार राय ने सुहवल थाने में पानी की मोटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में जुट गए। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुहवल-रेवतीपुर बॉर्डर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह यादव (19) पुत्र मधुबन यादव और विकास सिंह यादव (20) पुत्र रामदुलार सिंह यादव, निवासी ग्राम गौरा, थाना सुहवल, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पानी की मोटर बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।