#गहमर बरसाल ब्रह्म बाबा मंदिर में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार
14 पीतल के घंटे और दो लोटिया बरामद, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के बरसाल स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर में हुई घंटों की चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 14 पीतल के घंटे, दो लोटिया और एक टूटे हुए घंटे का टुकड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर 2026 को बरसाल ब्रह्म बाबा मंदिर से करीब एक दर्जन छोटे-छोटे पीतल के घंटे अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। मामले में मंदिर के पुजारी चंदन उपाध्याय ने 1 नवंबर को गहमर थाने में लिखित तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 240/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोर और चोरी गए सामान की तलाश शुरू की थी।
इसी क्रम में 7 नवंबर की रात चौकी प्रभारी बारा उपनिरीक्षक इंदुकुमार तिवारी और चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पांडेय की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रात करीब 12:35 बजे बकसड़ा मोड़ के पास से आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद राम पुत्र सुमेर राम, निवासी ग्राम सेवराई, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा हो गया है।