#गहमर पुलिस ने अवैध असलहे के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार
दो देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद, बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस ने अवैध असलहा और कारतूस के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को चौकी प्रभारी बारा उपनिरीक्षक इंदु कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में देखभाल और रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बारा स्थित पीपा पुल के पास सड़क किनारे झोपड़ी के नजदीक दो युवक मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 2:30 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान छोटू कुमार पुत्र पप्पू सिंह निवासी ग्राम चौसा, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर (बिहार), उम्र करीब 20 वर्ष और शमशेर मुस्तफा पुत्र मुस्तफा हजाम निवासी चौसा कृष्णापुरी, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर (बिहार), उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो अवैध देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, 300 रुपये नकद, एक प्लास्टिक की डिब्बी, छोटा हुक्का और खैनी की पुड़िया बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेजा जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी जमानियां एवं प्रभारी निरीक्षक गहमर के मार्गदर्शन में की गई। #GhazipurNews