दमोह के इमलाई में जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का मामला: मंत्री लखन पटेल ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
भीम आर्मी ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
दमोह। दमोह देहात थाना क्षेत्र के ग्राम इमलाई में होटल संचालक के साथ कथित जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री लखन पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं मंगलवार को भीम आर्मी और संत रविदास अंबेडकर न्याय मंच समिति के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
वीडियो में मंत्री का नाम लेकर दी गईं कथित जातिसूचक गालियां
जानकारी के अनुसार, इमलाई निवासी होटल संचालक जोगेंद्र प्रसाद अहिरवार ने आरोप लगाया कि रविवार शाम अशोक पटेल उनकी होटल पर सिगरेट लेने आया था। दुकान में सिगरेट उपलब्ध नहीं होने पर मना करने से नाराज होकर उसने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की।
पीड़ित का कहना है कि इस दौरान आरोपी स्वयं को मंत्री लखन पटेल का रिश्तेदार बताते हुए लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया।
रिपोर्ट लिखाने गए, पीछे से बेटों पर हमला और होटल में तोड़फोड़
जोगेंद्र अहिरवार के अनुसार, जब वह शिकायत दर्ज कराने देहात थाना गए हुए थे, उसी दौरान अशोक पटेल अपने बेटों और अन्य लोगों के साथ होटल पहुंचा। वहां उनके बेटों शुभम और अंकित अहिरवार के साथ मारपीट की गई तथा होटल में तोड़फोड़ की गई। घायल युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चार आरोपियों पर मामला दर्ज, गिरफ्तारी बाकी
देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अशोक पटेल, लोकेश पटेल, भानु पटेल और चंद्रशेखर पटेल के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री लखन पटेल बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मंत्री लखन पटेल ने फेसबुक पर बयान जारी कर घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने लिखा कि इमलाई गांव का वीडियो देखा है, जिसमें एक समाज विशेष के विरुद्ध असभ्य और जातिसूचक भाषा का प्रयोग किया गया है। यह अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।
मंत्री ने कहा कि समाज में विद्वेष फैलाने वाले ऐसे कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और दोषी जल्द कानून के शिकंजे में होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दमोह में शांति, सौहार्द और कानून का राज सर्वोपरि है।
भीम आर्मी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे भीम आर्मी एवं संत रविदास अंबेडकर न्याय मंच समिति के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कठोर कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अशोक पटेल ने जोगेंद्र प्रसाद अहिरवार के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया और धमकी दी। साथ ही अंकित अहिरवार के साथ हुई मारपीट की घटना में भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की मांग
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से जिले में जातीय उत्पीड़न के मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Damoh, Damoh | Jul 30, 2026