मेडिकल कॉलेज भर्ती में आरक्षण की अनदेखी का आरोप, एससी महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
45 पदों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए केवल एक पद स्वीकृत होने पर जताया विरोध, भर्ती निरस्त कर नियमानुसार नई प्रक्रिया की मांग
दमोह। बरपटी स्थित शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में सीनियर रेसिडेंट के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए एससी महासभा ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर सभी वर्गों के लिए नियमानुसार एवं अनुपातिक आरक्षण के साथ दोबारा भर्ती कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली जाएगी।
एससी महासभा के संस्थापक/अध्यक्ष एडवोकेट प्रवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय बरपटी में सीनियर रेसिडेंट के कुल 45 पदों पर वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती की जा रही है। उनका आरोप है कि इन पदों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए केवल एक पद स्वीकृत किया गया है, जो वर्ग की जनसंख्या और आरक्षण प्रावधानों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अन्याय बताते हुए भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भर्ती प्रक्रिया मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश क्रमांक 604/0286/17(1) दिनांक 8 अप्रैल 2026 तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के पत्र क्रमांक 89/2-42/2007/1/55 पार्ट, दिनांक 12 जनवरी 2024 के तहत निर्धारित प्रक्रिया एवं पात्रता शर्तों के आधार पर संचालित की जा रही है। संगठन का आरोप है कि इन प्रावधानों के बावजूद आरक्षण नियमों की अनदेखी की गई है।
एडवोकेट प्रवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के साथ केवल दिखावटी सहानुभूति दिखाई जा रही है, जबकि वास्तविक अधिकारों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।
एससी महासभा ने कलेक्टर से मांग की है कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर सभी वर्गों के लिए नियमानुसार एवं अनुपातिक आरक्षण के साथ नई भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कराई जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष एड.प्रवेंद्र चंद्राकर, दिलीप अहिरवार, विनय अहिरवार सहित एससी महासभा के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
Damoh, Damoh | Jul 30, 2026