सुरसंड को नगर पंचायत से नगर परिषद बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने जताई खुशी
20 सूत्री समिति की बैठक में जिले में पांच नए नगर पंचायतों के गठन और सुरसंड सहित दो नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव पर लगी मुहर, सुरसंड के विकास को मिलेगी नई रफ्तार।
सीतामढ़ी। समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में आयोजित जिला स्तरीय 20 सूत्री समिति की बैठक में सुरसंड के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बैठक में सुरसंड नगर पंचायत को नगर परिषद में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही बेलसंड नगर पंचायत को भी नगर परिषद बनाने के प्रस्ताव पर समिति ने अपनी सहमति दी।
बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल विभाग की मंत्री सह सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह ने की। इस दौरान जिले में पांच नए नगर पंचायतों के गठन तथा दो नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
सुरसंड नगर पंचायत को नगर परिषद में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव पर सहमति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू कुमार चौधरी ने इस फैसले पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे सुरसंड के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि सुरसंड को नगर परिषद का दर्जा मिलने से शहरी विकास को नई गति मिलेगी। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा सड़क, नाला, जलनिकासी, साफ-सफाई सहित अन्य विकासात्मक कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करें।
बैठक में सुरसंड एवं पुपरी बाजार में जाम और जलजमाव की समस्या, नाला निर्माण में देरी, अतिक्रमण, सड़क की जर्जर स्थिति तथा सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दे भी उठाए गए। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
बैठक में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, सुरसंड विधायक प्रो. नागेंद्र राउत सहित जिले के विभिन्न विधायकों, जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन एवं उप विकास आयुक्त श्वेता भारती सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल, 20 सूत्री समिति से प्रस्ताव पारित होने के बाद सुरसंड को नगर परिषद का दर्जा मिलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। अब आगे की सरकारी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।