समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-1232,
दिनांक:-29/08/2026,
==================
जिलाधिकारी श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक संपन्न:-
* वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर दिए कड़े निर्देश:-
* अवैध बालू व मिट्टी खनन के खिलाफ चलेंगे संयुक्त औचक छापेमारी अभियान;
दालकोला चेकपोस्ट पर रहेगी विशेष नजर:-
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय राजस्व लक्ष्यों की प्रगति और अवैध खनन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्णिया जिला को कुल ₹4847.89 लाख राजस्व वसूली का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक मात्र ₹574.66 लाख की ही उपलब्धि हासिल हो सकी है।
अवैध खनन पर अंकुश लगाने की गई कार्रवाई की समीक्षा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार:
* जुलाई 2026: कुल 140 छापेमारी की गईं, जिनसे ₹32.32 लाख दंड राशि की वसूली हुई।
* अगस्त 2026: अब तक कुल 81 छापेमारी में ₹29.10 लाख का जुर्माना वसूल किया गया।
राजस्व प्राप्ति की धीमी गति और कार्रवाई के आंकड़ों पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध बालू एवं मिट्टी खनन के विरुद्ध लगातार औचक निरीक्षण किया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा बैठक में कई आवश्यक निर्देश दिया गया:
* सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), थानाध्यक्ष, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं खनिज विकास पदाधिकारी आपस में समन्वय बनाकर संयुक्त औचक निरीक्षण करेंगे।
* अवैध परिवहन को रोकने के लिए दालकोला चेकपोस्ट पर विशेष और सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
* अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अवैध खनन के मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Purnia, Bihar | Aug 29, 2026