दिमनी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार : विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर
257.12 लाख रुपये की लागत से बीलपुर-मल्हन का पुरा व्हाया घेर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र में बेहतर आवागमन के लिए सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण, विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विद्युत उपकेन्द्रों की स्थापना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सीएम राइज एवं सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं। विकास कार्यों का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ग्राम बीलपुर में 257.12 लाख रुपये की लागत से बीलपुर से मल्हन का पुरा व्हाया घेर सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विधिवत भूमिपूजन कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि बीलपुर से मल्हन का पुरा सड़क निर्माण की मांग ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन के साथ क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए अनेक सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्थानों पर विद्युत उपकेन्द्र स्थापित किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में जिले की प्रत्येक विधानसभा में एक-एक सीएम राइज विद्यालय प्रारंभ किया गया है, जबकि दिमनी विधानसभा क्षेत्र में दो सीएम राइज विद्यालय संचालित हैं। आने वाले समय में दो और सीएम राइज विद्यालय प्रारंभ किए जाएंगे। इस प्रकार क्षेत्र में चार सीएम राइज विद्यालय होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय भी प्रारंभ किए गए हैं।
श्री तोमर ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल की क्षमता 150-200 बिस्तरों से बढ़ाकर 600 बिस्तरों की गई है। इसी प्रकार अम्बाह एवं पोरसा के सिविल अस्पतालों की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100-100 बिस्तरों की गई है। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बीलपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के चंबल पार आवागमन को सुगम बनाने के लिए उसैथघाट पुल का निर्माण कराया गया है। बारिश के बाद पुल का शुभारंभ होने से ग्रामीणों को धौलपुर होकर आवागमन करने की आवश्यकता नहीं होगी और चंबल पार के क्षेत्रों से संपर्क और अधिक सुगम होगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को आधुनिक एवं तकनीकी खेती का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 214 करोड़ रुपये की लागत से हॉर्टिकल्चर कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। कॉलेज के माध्यम से क्षेत्र के किसानों एवं युवाओं को आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों का प्रशिक्षण एवं ज्ञान प्राप्त होगा, जिससे कृषि क्षेत्र में नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की दिशा में किए जा रहे कार्यों का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, जनपद अध्यक्ष अम्बाह सुश्री मधुरिमा तोमर, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh Narendra Singh Tomar