पटियाला रोड स्थित होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़: 3 युवतियां और 3 युवक पकड़े, होटल संचालकों को चेतावनी
जीरकपुर। पटियाला रोड पर देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केनरा बैंक के ऊपर टॉप फ्लोर पर स्थित 'वीआईपी होटल एंड पीजी' में औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है और तीन युवकों को काबू किया गया है। पुलिस अनुसार होटल में अवैध रूप से अनैतिक देह व्यापार चलाए जाने की पक्की सूचना मिली थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए रेड की गई। पकड़ी गई युवतियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं वहीं पकड़े गए तीन युवकों के पास से लाइटर और नशा करने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुई हैं। पुलिस तीनों युवकों का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं दो मामले, भवन मालिक पर भी कसेगा शिकंजा
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह होटल लीज पर संचालित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी इमारत में पहले भी दो बार अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ ऐसे ही आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि क्या वही लोग दोबारा सक्रिय हुए है या कोई नया संचालक यह धंधा चला रहा था। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच में होटल मालिक और इमारत के मुख्य मालिक को भी शामिल किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
होटल संचालकों को सीधी चेतावनी
पुलिस ने इलाके के सभी होटल और पीजी संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे अपने परिसरों में किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधि को पनाह न दें। पुलिस ने दो टूक कहा कि आने वाले दिनों में नियमों की अनदेखी करने वाले होटल मालिकों और प्रबंधकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#zirakpurnews #zirakpur #panchkulasocialmedia