राजकीय महाविद्यालय कालका में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
पंचकूला सितंबर 7: राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व में शिक्षक दिवस हर्षो उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीबीए, बीकॉम, लाइफ साइंस और फिजिकल साइंस के विद्यार्थियों द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आभार की भावना व्यक्त करना रहा।
प्रस्तुत कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियाँ भी दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण, गीत, नृत्य तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही प्रदान नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा चुनने, अनुशासन बनाए रखने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ बिंदु शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य को आकार देता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम की सराहना की तथा कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास, सम्मान एवं संवाद की भावना शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाती है।
कार्यक्रम में मंच संचालन बीबीए द्वितीय वर्ष की तमन्ना और बीकॉम द्वितीय वर्ष की सुषमा ने किया। सृष्टि ने भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता में अंशिका, शिवांश, शीतल, पंकज, नंदिनी, सृष्टि, लकी, पूजा, तमन्ना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। फोटोग्राफी आदित्य और सौम्या ने की। लकी, सुषमा, सृष्टि, नंदिनी, तमन्ना, करुणा, रितु, वैष्णवी, तान्या, अर्चिता, आनंदी ने नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोफेसर डॉ वीरेंद्र अटवाल, प्रोफेसर डॉ रामचंद, डॉक्टर नीरू, डॉ अजीत, डॉक्टर गुरप्रीत, डॉ इंदु , डॉ सीमा, डॉ सरिता, डॉक्टर आशीष और कॉमर्स संकाय के सभी प्रोफेसरों का योगदान रहा।