10 घंटे की लगातार तलाश के बाद पंचकूला पुलिस ने 35 वर्षीय गुमशुदा युवती को सकुशल खोज निकाला, सेक्टर-2 मंदिर से बरामद कर परिजनों से मिलवाया
पंचकूला/ 07 सितंबर:- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा गुमशुदा लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए लगातार गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चंडीमंदिर थाना क्षेत्र से लापता हुई 35 वर्षीय युवती को सेक्टर-25 चौकी पुलिस टीम ने करीब 10 घंटे की लगातार मेहनत के बाद सकुशल तलाश कर लिया।
जानकारी के अनुसार 05 सितंबर की सुबह युवती अपने परिजनों को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की लेकिन जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-25 चौकी में इसकी सूचना दी।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही हमारी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी। विभिन्न स्थानों पर तलाश करते हुए करीब 10 घंटे की लगातार मेहनत के बाद युवती को पंचकूला के सेक्टर-2 स्थित मंदिर से सकुशल ढूंढ निकाला। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों के अनुसार युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा है। युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पंचकूला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने की स्थिति में परिजन बिना देरी किए नजदीकी थाना या चौकी में सूचना दें अथवा डायल-112 पर संपर्क करें। समय पर दी गई सूचना से पुलिस को गुमशुदा व्यक्ति की तलाश जल्द शुरू करने और उसे सुरक्षित बरामद करने में काफी मदद मिलती है।