ऑपरेशन सिंदूर के वीर सैनिक ने लगाई न्याय की गुहार, विधवा और दो मासूम बच्चों के भविष्य पर मंडराया बेघर होने का संकट...........
भरतपुर। ऑपरेशन सिंदूर में देश की सेवा कर चुके तथा राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित सैनिक धर्मपाल बेनीवाल ने एक विधवा महिला राजो देवी के पक्ष में न्याय की अपील की है। उनका कहना है कि राजो देवी अपने दो छोटे बच्चों और वृद्ध माँ के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही हैं तथा उन्हें अपने वर्तमान आवास से बेदखल किए जाने का डर है।
बताया जा रहा है कि राजो देवी का विवाह विजयपाल निवासी गाजियाबाद से हुआ था। वर्ष 2017 में विजयपाल के निधन के बाद उनकी संपत्ति को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। राजो देवी का आरोप है कि गाजियाबाद स्थित संपत्ति पर पहली पत्नी ने कुछ वहीं के दबंग लोगों से मिलकर कब्जा कर लिया है। संपत्ति का वर्तमान मूल्य लगभग 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है,
राजो देवी का यह भी आरोप है कि भरतपुर स्थित उस मकान, जिसमें वह अपने बच्चों के साथ रह रही हैं और जिस पर बैंक ऋण है, उसे भी उनसे खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार उन्हें नोटिस दिए गए हैं तथा स्थानीय पुलिस द्वारा मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि 23 तारीख तक मकान खाली करने का समय दिया गया है।
धर्मपाल बेनीवाल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अंतिम कानूनी निर्णय होने तक राजो देवी तथा उनके बच्चों को बेघर होने से बचाने के लिए आवश्यक संरक्षण दिया जाए। उनका कहना है कि एक अनपढ़ विधवा महिला और उसके दो छोटे बच्चों की सुरक्षा तथा अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
Weir, Bharatpur | Jul 18, 2026