लघु उद्योग भारती की मासिक बैठक सम्पन्न, TTZ से राहत, उद्योग, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने पर मंथन
भरतपुर, 19 जुलाई। लघु उद्योग भारती, भरतपुर की मासिक कार्यकारिणी बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन बंसल की अध्यक्षता में नई मंडी स्थित उनके प्रतिष्ठान पर आयोजित हुई। बैठक में उद्योग, आधारभूत ढांचे, पर्यटन, निवेश और TTZ (ताज ट्रेपेजियम जोन) से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी, भारत भूषण अग्रवाल, अनुपम सिंह, गिरीश अग्रवाल तथा संगठन के सचिव राहुल बंसल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष मोहन बंसल ने कहा कि भरतपुर के औद्योगिक विकास, नए निवेश, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा तथा शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जिले के विकास के लिए प्रयास करेगा।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी ने बताया कि TTZ प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी जारी है, ताकि भरतपुर को कठोर प्रतिबंधों से राहत मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन के कार्यालय एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर के लिए RIICO द्वारा भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रगति पर है।
भारत भूषण अग्रवाल ने ब्रज इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य संपर्क सड़क के शीघ्र निर्माण, औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा भरतपुर को मथुरा और अलवर से फोरलेन सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग उठाई।
अनुपम सिंह ने भरतपुर की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने, श्री बांके बिहारी जी मंदिर, लोहागढ़ दुर्ग और केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान सहित प्रमुख स्थलों के प्रचार-प्रसार तथा भरतपुर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।
गिरीश अग्रवाल ने कहा कि TTZ प्रतिबंधों के कारण उद्योगों की स्थापना प्रभावित हुई है। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, आईटी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), होटल एवं पर्यटन क्षेत्रों में विशेष निवेश प्रोत्साहन नीति लागू करने की मांग की, जिससे रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा हो सकें।
सचिव राहुल बंसल ने बताया कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार को भेजे जाने वाले प्रस्तावों में TTZ मामले में सर्वोच्च न्यायालय के लिए आवश्यक पर्यावरणीय एवं तकनीकी आंकड़े उपलब्ध कराने, मथुरा-अलवर फोरलेन सड़क, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार, भरतपुर को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने, स्थानीय AQI के आधार पर GRAP लागू करने तथा ब्रज इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य संपर्क सड़क के लंबित डामरीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग शामिल है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को भेजे जाने वाले प्रस्ताव में TTZ से प्रभावित भरतपुर के लिए शिक्षा, चिकित्सा, आईटी, AI, होटल एवं पर्यटन क्षेत्र में विशेष निवेश प्रोत्साहन नीति लागू करने तथा खाद्य तेल उद्योग के GST रिफंड को पुनः शुरू कराने के लिए केंद्र सरकार से पहल करने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदस्यों ने विश्वास जताया कि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई होने से भरतपुर में उद्योग, निवेश, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन संगठन के सचिव राहुल बंसल ने किया।
Weir, Bharatpur | Jul 19, 2026