शिमला के चौड़ा मैदान का गंगा जल से शुद्धीकरण करेगी राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी : अमरचंद
======
शिमला : राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरचंद ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वर्षों से गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने और हिंदुत्व की रक्षा करने की बातें करती आई है। हिमाचल प्रदेश की जनता और हिंदू समाज ने भी गौ माता के सम्मान तथा हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा से बड़ी अपेक्षाएं रखीं।
लेकिन 1 नवंबर को शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित भाजपा की रैली में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को आमंत्रित करना कई सवाल खड़े करता है। अमरचंद ठाकुर ने कहा कि जिस व्यक्ति के गौमांस से संबंधित सार्वजनिक बयानों को लेकर विवाद रहा है, उसे देवभूमि हिमाचल के इतने महत्वपूर्ण मंच पर आमंत्रित करना भाजपा की कथनी और करनी के बीच अंतर को उजागर करता है।
#राष्ट्रीय