नशे में सड़क के बीच सूमो खड़ी कर यातायात बाधित किया, वाहन सीज!!
पुलिस से बहसबाजी के बाद कराया गया मेडिकल परीक्षण, शराब के नशे में होने की हुई पुष्टि,,
रुद्रप्रयाग। नशे में वाहन चलाकर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालक के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन को सीज कर चालक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार शनिवार को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे आर्मी बैंड, रुद्रप्रयाग के समीप एक सफेद रंग की टाटा सूमो (यूके 07 टीबी 1418) सड़क के बीच खड़ी मिली। वाहन के सड़क पर खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा था।
पुलिस कर्मियों ने चालक को वाहन सड़क से हटाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने पुलिस कर्मियों से अनावश्यक बहसबाजी शुरू कर दी। चालक के शराब के नशे में होने का संदेह होने पर पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने टाटा सूमो को सीज कर दिया। चालक की पहचान जमन सिंह गुसाईं पुत्र महताब सिंह गुसाईं, निवासी ग्राम ढांग, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस की अपील: रुद्रप्रयाग पुलिस ने वाहन चालकों से शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की अवस्था में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशे में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।