बड़ी खबर: रेड अलर्ट के चलते केदारनाथ धाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित!! 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा पर रोक, मौसम सामान्य होने पर फिर शुरू होगी यात्रा!!
रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग की ओर से 26 सितंबर को जारी रेड अलर्ट को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। यात्रा 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित रहेगी। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा पुनः शुरू करने को लेकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण विशाल मिश्रा ने बताया कि देश-विदेश से चारधाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से चारधाम यात्रा को 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से श्री केदारनाथ धाम की यात्रा उक्त अवधि में स्थगित रहेगी। इस संबंध में सभी सेक्टर अधिकारियों, यात्रा मार्ग पर तैनात चेक पोस्टों तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए सहयोग बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग की स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद यात्रा को पुनः सुचारु करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।