बछवाड़ा प्रखंड के रानी एक पंचायत स्थित बैंक बाजार स्टेशन रोड में सावन की तैयारियों को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा महादेव स्थान को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।
शिव मंदिर परिसर में चारदीवारी कर रंग-बिरंगे फूल लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही रंग-रोगन और विभिन्न प्रकार के बल्बों की रौशनी से परिसर को बेहतर बनाने की तैयारी चल रही है, जिससे मंदिर और उसका परिसर मनमोहक लगे। यह परिसर शहीद पार्क के नाम से भी जाना जाता है।
ज्ञात हो कि इस मंदिर का निर्माण लगभग 40 वर्ष पूर्व एक मारवाड़ी समुदाय के व्यापारी और एक पदाधिकारी एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से कराया गया था। स्थानीय लोगों ने इस धरोहर की स्थापना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।
एक बार फिर युवा और स्थानीय लोग इस मंदिर को भव्य रूप देने के लिए समर्पित हैं। सोनू कुमार, सुनील कुमार, अनुज कुमार, राजा कुमार, पिंटू कुमार, पंकज कुमार, दीपक कुमार, राकेश कुमार, रौशन कुमार, कारी साह, नंदलाल साह, राजीव कुमार और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सुधीर कुमार सहित कई अन्य लोग इस कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
मान्यता है कि महादेव स्थान में सच्चे मन से अर्जी लगाने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन और शिवरात्रि के दौरान, विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु श्रद्धा सुमन के साथ पूजा-अर्चना करने इस धार्मिक स्थल पर आते हैं। यहां दो जोड़ों का संगम भी होता है, और महादेव की कृपा से उनका मिलन धूमधाम से संपन्न होता है। यह भी माना जाता है कि उनके दरबार में आने वाले श्रद्धालु कभी खाली हाथ नहीं लौटते।
Bachhwara, Begusarai | Jul 21, 2026