#चित्रकूट बाढ़ : राहत बचाव कार्य
दिनांक 29.08. 2026 को मंदाकिनी नदी का जल स्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ने तथा अतिवृष्टि के कारण कर्वी के रामघाट सहित 09 गांव, मानिकपुर का 01 गांव तथा राजापुर के 06 ग्रामों (जनपद के कुल 16) ग्रामों में आबाद लगभग 10,000 व्यक्ति प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावितों को अब तक कुल 14568 पैकेट पका हुआ भोजन (लंच पैकेट) का वितरण किया गया है। इसके अतिरिक्त जनपद को प्राप्त 2000 राशन किटों में से तहसील कर्वी में 315 राहत किट, तहसील राजापुर में 262 राहत किट, पहाड़ी में 135 राहत किट एवं 500 फूड पैकेट का वितरण किया जा चुका है। एनजीओ के माध्यम से भी 500 बाढ़ राहत किट का वितरण किया गया है। इस प्रकार 712 राशन किटों का वितरण किया जा चुका है।
राहत किट वितरित किये जाने का कार्य निरंतर जारी है। आगामी 02 दिवसों में 2000 और राशन किटों का वितरण कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ से हुई आंशिक मकान क्षति के संबंध में अब तक जनपद में कुल 563 प्रकरण संज्ञान में आये हैं। इनमें से 252 प्रकरणों की ऑन लाइन फीडिंग पूर्ण कर दी गयी है। 252 प्रकरणों के सापेक्ष 47 प्रकरणों में भुगतान की कार्यवाही कराते हुए कुल मु० 1,88,000/- रूपये लाभार्थियों के खाते में अन्तरित की जा रही है। अवशेष प्रकरणों पर भी अविलम्ब भुगतान की कार्यवाही करायी जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिसका पूर्ण रूप से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है, उसको मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिया जाएगा। आज दिनांक 01.09.2026 को मंदाकिनी नदी का जल स्तर अपरान्ह 1.30 बजे 131.05 मीटर था, जो वर्तमान में घटकर 130.200 मी० हो गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने, क्षति का सर्वेक्षण करने, पात्र लाभार्थियों की ऑन लाइन फीडिंग तथा नियमानुसार भुगतान की कार्यवाही में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप तत्काल राहत उपलब्ध करायी जाये। जनपद प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिरति पर निरंतर निगरानी रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य, राहत किट वितरण, पका हुआ भोजन वितरण, क्षति का सर्वेक्षण एवं राहत भुगतान की कार्यवाही लगातार सुनिश्चित की जा रही है।
#FloodRelief #FloodManagement #Chitrakoot