हजारों समर्थकों के साथ जय चौबे ने किया राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का भव्य स्वागत.
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने के बाद जनपद में प्रथम आगमन पर सोमवार को कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। टीसीसी केशव प्लांट, फुटहिया पर विधानसभा क्षेत्र 313, खलीलाबाद, संत कबीर नगर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
हरीश द्विवेदी का काफिला जैसे ही फुटहिया चौराहे पर पहुंचा, वहां मौजूद हजारों समर्थकों ने जोरदार नारों और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। पूरा क्षेत्र पार्टी के नारों से गूंज उठा। समर्थकों के उत्साह के बीच ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी ने स्वागत कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ की ओर से विशेष रूप से स्वागत की तैयारियां की गई थीं। समर्थकों ने हरीश द्विवेदी का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण ‘जय चौबे’ ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यक्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बस्ती की धरती से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्राप्त करना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी का बस्ती से गहरा जुड़ाव रहा है और उन्होंने सांसद के रूप में क्षेत्र की जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनके राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती सहित पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। यही कारण है कि उनके प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरे उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
जय चौबे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अपने वरिष्ठ नेता का स्वागत केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान, स्नेह और संगठन के प्रति समर्पण की अभिव्यक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरीश द्विवेदी अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निर्वहन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Basti, Basti | Aug 31, 2026