फुटहिया में उमड़ा जनसैलाब, हरीश द्विवेदी के स्वागत में गूंजा भाजपा का जयघोष
वरिष्ठ भाजपा नेता तेज प्रताप सिंह सुड्डू के संयोजन में राष्ट्रीय महामंत्री का हुआ ऐतिहासिक अभिनंदन, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के प्रथम गृह जनपद आगमन पर फुटहिया चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह व उमंग के साथ उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। वरिष्ठ भाजपा नेता तेज प्रताप सिंह सुड्डू के संयोजन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उमड़े। पूरा फुटहिया चौराहा भाजपा के झंडों, नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से सराबोर नजर आया।
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के काफिले के फुटहिया पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया। स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच हरीश द्विवेदी का स्वागत किया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता तेज प्रताप सिंह सुड्डू ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बस्ती की धरती से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व हासिल करना जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का विषय है। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। हरीश द्विवेदी का अनुभव और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
स्वागत समारोह में भाजपा के विभिन्न मंडलों एवं क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री को फूल-मालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। फुटहिया चौराहे पर काफी देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यकर्ताओं के उत्साह ने बनाया माहौल यादगार
हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए फुटहिया चौराहे को विशेष रूप से सजाया गया था। स्वागत स्थल पर भाजपा के झंडे और बैनर लगाए गए थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह और भीड़ यह संकेत देती नजर आई कि राष्ट्रीय महामंत्री के गृह जनपद आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
Basti, Basti | Sep 1, 2026