रोडवेज तिराहे पर राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में भव्य स्वागत
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के गृह जनपद बस्ती में प्रथम आगमन पर सोमवार को रोडवेज तिराहे पर भाजपा नेता अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
स्वागत स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। हरीश द्विवेदी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए भावुक करने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि बस्ती उनकी जन्मभूमि है और यहां के लोगों का स्नेह उनके लिए हमेशा ऊर्जा का स्रोत रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी में भी बस्ती के कार्यकर्ताओं और जनता के आशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाजपा नेता अभिनव उपाध्याय ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना पूरे बस्ती जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि बस्ती के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए सम्मान का विषय है। उनके गृह जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और रोडवेज तिराहे पर किया गया स्वागत इसी उत्साह की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया। रोडवेज तिराहे पर काफी देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
Basti, Basti | Aug 31, 2026