ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर सियासी हमला, बोले- देर आए, दुरुस्त आए, मथुरा-काशी जाने की तारीख भी बताएं
घोसी सांसद राजीव राय को लेकर बोले- अखिलेश यादव को अपने से ज्यादा हमारी चिंता, 2027 में सीट बंटवारे पर चुनाव के समय होगा फैसला, ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से दोनों को होगा फायदा
मऊ, कोपागंज ब्लॉक के इटौरा डोरीपुर गांव में अन्नपूर्णा खाद्यान्न भवन के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों से लेकर अयोध्या यात्रा, मथुरा-काशी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान राजभर के निशाने पर लगातार अखिलेश यादव रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने से ज्यादा हमारी चिंता सता रही है।
अखिलेश यादव के 36 सीटों को लेकर किए गए सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि उन्हें इसकी कोई चिंता नहीं है, बल्कि अखिलेश यादव को उनकी चिंता है। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि हमारी नाव के रक्षक सुदर्शन चक्रधारी हैं।
राम सबके हैं तो दर्द किस बात का?
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि राम सबके हैं, फिर किसी को इससे परेशानी क्यों होनी चाहिए? उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अब तक मंदिरों को लेकर सवाल उठाती रही, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद अब उसे सनातन की याद आने लगी है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने की तारीख बता दी है, अब उन्हें मथुरा और काशी जाने की तारीख भी सार्वजनिक करनी चाहिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "देर आए, दुरुस्त आए। जब रत्नाकर डाकू महर्षि बन सकते हैं तो अखिलेश यादव का परिमार्जन क्यों नहीं हो सकता?"
गोरखपुर की घटना को बताया दुखद, सपा की कार्यशैली पर उठाए सवाल
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम के दौरान बच्चे की मौत से जुड़े मामले पर राजभर ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। राजनीतिक कार्यक्रमों में अनुशासन, सम्मान और सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में हुड़दंग और अव्यवस्था की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
पीड़ित परिवार से अखिलेश यादव के नहीं मिलने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि घटना जिस कार्यक्रम में हुई, उसके आयोजक होने के नाते अखिलेश यादव को पीड़ित परिवार के घर जाना चाहिए था। यदि घटना वाले दिन नहीं पहुंच सके तो अगले दिन जरूर जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
2027 में सीटों के बंटवारे पर बोले- चुनाव का बिगुल बजने पर होगी चर्चा
मऊ की विधानसभा सीटों पर वर्ष 2027 के चुनाव में कितनी सीटों की मांग करेंगे, इस सवाल पर राजभर ने कहा कि फिलहाल सीटों को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। जब चुनाव का बिगुल बजेगा, तभी सीटों के बंटवारे पर बातचीत होगी।
घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी तैयारी कर रखी है और अखिलेश यादव को इसी बात से परेशानी हो रही है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपने बारे में कम और उनके बारे में ज्यादा सोच रहे हैं। राजीव राय पर जमीन कब्जाने के आरोपों को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "बहुत अच्छा।"
ओवैसी-चंद्रशेखर के साथ आने से दोनों को होगा फायदा
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन को लेकर राजभर ने कहा कि इससे दोनों नेताओं को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यदि पार्टियां गठबंधन करके चुनाव नहीं लड़ेंगी तो अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरेंगी। हालांकि, इस संभावित गठबंधन में उनकी पार्टी के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह जहां हैं, वहीं ठीक हैं।