शिवपाल यादव ने स्व. सुधाकर सिंह को दी श्रद्धांजलि, बोले- ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा को होगा फायदा
आजम खान के उत्पीड़न से लेकर कांग्रेस-सपा गठबंधन तक, शिवपाल यादव ने खुलकर रखी अपनी बात, बोले- अखिलेश यादव की गोरखपुर रैली से घबराई हुई है सरकार
मऊ, घोसी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व समाजवादी विधायक स्वर्गीय सुधाकर सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी खुलकर अपनी बात रखी। विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया से बातचीत के दौरान उनके बयानों ने सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी।
ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इससे समाजवादी पार्टी को फायदा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गठबंधन से वोटों का कोई बंटवारा नहीं होगा।
कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री महंगे कथावाचक हैं, जबकि हम लोगों के यहां सस्ते और विद्वान कथावाचक भागवत कथा का वाचन करते हैं।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि इस संबंध में दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही निर्णय लेंगे। वहीं, आजम खान के मामले पर उन्होंने कहा कि उन्हें हिरासत के दौरान काफी उत्पीड़न और कष्ट दिया जा रहा था।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की आजमगढ़ क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पर शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी सक्रियता से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, वह चुनाव में हारकर जाएंगे।
वहीं, गोरखपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रस्तावित रैली को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव की रैली से सरकार घबराई हुई है।
स्वर्गीय सुधाकर सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे शिवपाल यादव के इन राजनीतिक बयानों ने मऊ से लेकर प्रदेश की सियासत तक चर्चाओं को गर्म कर दिया है।