छत से बाढ़ के पानी में गिरा मासूम, डूबने से तीन वर्षीय प्रांशु की दर्दनाक मौत
राजेपुर (फर्रुखाबाद):थाना राजेपुर क्षेत्र के खानपुर के समीप चैनगंज गांव में बाढ़ के कहर के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर की छत पर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक नीचे खेतों में भरे बाढ़ के पानी में गिर गया, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई।
छत पर खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार को चैनगंज गांव निवासी तीन वर्षीय प्रांशु अपने घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे खेतों में जमा बाढ़ के पानी में जा गिरा। जब काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान मासूम पानी में पड़ा हुआ मिला।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों आनन-फानन में मासूम को सीएचसी राजेपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Hardoi, Hardoi | Sep 15, 2026