दीपावली पर भी अंधेरा: त्यागी नगर में घरों तक पहुंचा सीवर का पानी, महीनों से परेशान लोग..
ग्वालियर पूर्व विधानसभा के वार्ड 26 स्थित त्यागी नगर में सीवर की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले कई महीनों से चोक सीवर लाइन के कारण गंदा पानी सड़कों से होता हुआ घरों तक पहुंच रहा है। हालात ऐसे हैं कि दीपावली जैसे त्योहार पर भी लोग अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी बीच जनसेवक अनंत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से फोन पर बात कर समस्या से अवगत कराया, जिसके बाद आयुक्त ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब क्षेत्रवासियों को इंतजार है कि यह आश्वासन कब जमीन पर उतरेगा और उन्हें गंदगी व बदबू से राहत मिलेगी।