*मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी ने झालरिया मठ–रामघाट एवं अन्य प्रमुख मार्गों के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण*
---
उज्जैन, 18 नवंबर 2026/
उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, डॉ. नेहा जैन ने आज झालरिया मठ–रामघाट मार्ग, महाकाल पार्किंग से चौबीस खंबा मार्ग तथा महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी मार्ग पर प्रगति पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. जैन ने झालरिया मठ–रामघाट मार्ग पर निर्मित हो रहे शौचालय एवं कोबल स्टोन फ्लोरिंग के स्लोप का अवलोकन किया तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महाकाल पार्किंग से चौबीस खंबा मार्ग पर पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को दिसंबर 2026 तक रिटेनिंग वॉल एवं सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा तत्काल अतिरिक्त मैनपावर लगाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी मार्ग के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध वर्क फ्रंट के अनुसार कार्ययोजना बनाकर निर्माण कार्यों में गति लाने, सीवर लाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा आवश्यक स्थानों पर उचित साइनेज स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. जैन ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को पर्याप्त संसाधन एवं मैनपावर उपलब्ध कराने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही तकनीकी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तकनीकी टीम उपस्थित रही। Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh JDjansampark Ujjain Collector Office Ujjain