#भरतपुर। हलैना थाना इलाके के मोलोनी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इस हिंसक झड़प में महिला समेत कुल 6 लोग घायल हुए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही हलैना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शांति भंग के आरोप में 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है। घटना के संबंध में घायल अतर सिंह ने बताया कि मोलोनी निवासी बबलू और गोविंदपुरा निवासी दाताराम कई लोगों के साथ मिलकर गांव में एक खेत की जुताई कर रहे थे। उस जमीन में कुछ हिस्सा अतर सिंह के परिवार का भी था, जिसका अभी तक पूरी तरह निपटारा नहीं हुआ था। जब अतर सिंह अपने परिवार के साथ वहां पहुंचे और खेत जोतने का विरोध किया, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस लाठी-डंडों और मारपीट में बदल गई। इस खूनी संघर्ष के दौरान दाताराम का पैर ट्रैक्टर के नीचे आ जाने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। वहीं दूसरी ओर, मारपीट में अतर सिंह, उनकी पत्नी इंद्रा, और बेटे रंजीत, पुष्पेंद्र व बिट्टू घायल हो गए। घायलों में से अतर सिंह और इंद्रा की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित अतर सिंह का आरोप है कि बबलू मास्टर और दाताराम ने बाहर से बदमाश बुलाकर उनके परिवार पर सुनियोजित तरीके से हमला करवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लिखित शिकायत का इंतजार कर रही है।