#भरतपुर। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अतिरिक्त शासन सचिव एवं वित्तीय सलाहकार नीतिश्वर कुमार ने भरतपुर जिले का दौरा कर विभागीय योजनाओं और विभिन्न संस्थानों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेवर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र बाँसी कला का निरीक्षण कर पोषण ट्रैकर ऐप, पूरक पोषाहार वितरण, सेनेटरी नैपकिन और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। अतिरिक्त शासन सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को खिलौने भी बांटे और कार्यकर्ताओं से योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने भरतपुर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता और मिशन शक्ति पोर्टल की प्रगति को देखा। दौरे के अगले चरण में उन्होंने बाल सुधार गृह का अवलोकन कर बाल अपचारियों के कौशल विकास व पुनर्वास गतिविधियों की जानकारी ली तथा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर एसडीएम भारती गुप्ता, उप निदेशक राजेश चौधरी, सिकरामा राम चोयल सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।