स्वच्छता और हरियाली से ही बनेगा स्वस्थ गांव : मंत्री श्री राकेश शुक्ला
सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत वनखण्डेश्वर मंदिर परिसर में हुआ स्वच्छता एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत वनखण्डेश्वर मंदिर परिसर में स्वच्छता एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपस्थित लोगों ने श्रमदान करते हुए परिसर से कचरा हटाया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने उपस्थित जनों को संबोधित कर कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अपने घर, आसपास और गांव में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सरकार पर निर्भर रहने से गांव और समाज का विकास पूरी तरह संभव नहीं है। जब नागरिक स्वयं जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी किसी अभियान का वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों, खेतों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल करें।
मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संपदा हैं। ये पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ गर्मी कम करने, वर्षा चक्र बनाए रखने और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में बने तालाब के किनारे विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे रोपे गए। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#SwachhataHiSeva
#SwachhBharat
#भिण्ड
#Bhind