*उद्यमी लॉन्च पैड के अंतर्गत MSME योजनाओं पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन*
उद्यमी लॉन्च पैड के अंतर्गत MSME योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को स्वरोजगार तथा उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 22 अगस्त 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, चित्रकूट में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA), एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा MSME पॉलिसी-2022 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी युवाओं को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी श्री डी पी पाल,जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में श्री आर. के. सिंह पटेल, माननीय पूर्व सांसद, श्री भैरव प्रसाद मिश्र, माननीय पूर्व सांसद, श्री अशोक जाटव, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष, श्री महेंद्र कोटार्य, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, श्री नरेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, श्री पंकज अग्रवाल, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 450 युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को हलवाई एवं सिलाई ट्रेड के टूलकिट, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को चेक माननीय जनप्रतिनिधियों के कर कमलों से वितरित किए गए। कार्यशाला के दौरान युवाओं को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मौके पर ही CM YUVA योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया गया।
कार्यशाला में लखनऊ से आए विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रोजेक्ट रिपोर्ट एवं DPR तैयार करने, कोटेशन तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में होने वाली सामान्य त्रुटियों, परियोजना की व्यवहार्यता तथा बैंक से ऋण प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त युवाओं को नवाचार आधारित उद्यम, फ्रेंचाइजी मॉडल तथा विभिन्न नवीन एवं इनोवेटिव योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई, ताकि युवा पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ आधुनिक एवं नए व्यवसायिक अवसरों की ओर भी अग्रसर हो सकें।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने युवाओं से कहा कि गलत संगत से दूर रहे तथा मोबाइल एवं आधुनिक टेक्नोलॉजी का सकारात्मक एवं रचनात्मक प्रयोग करते हुए सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया, जिलाधिकारी द्वारा CM YUVA योजना में जनपद चित्रकूट द्वारा प्रदेश में 7वीं रैंक प्राप्त करने पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंकर्स को बधाई दी गई तथा जनपद को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, बैंकर्स एवं युवाओं से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया। *जिलाधिकारी ने कहा कि आप लोग रोजगार मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने।* उन्होंने कहा कि यह बहुत सुनहरा अवसर है जिसमें मान्य मुख्यमंत्री जी द्वारा आप लोग को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है, इसका आप लोग लाभ उठाएं।
माननीय पूर्व सांसद श्री आर. के. सिंह पटेल द्वारा अपने अनुभव साझा करते हुए उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने युवाओं को उद्यम स्थापित करने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। बैंक शाखा प्रबंधकों द्वारा युवाओं को बैंक ऋण प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा ऋण एवं वित्तीय व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। वहीं आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक के प्राचार्यों तथा अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अनुकूल अवसरों के संबंध में युवाओं का मार्गदर्शन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया से संबंधित व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में सरकारी स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ने तथा अपने क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र श्री चंद प्रकाश पटेल, जिला प्रशासन, बैंकिंग संस्थानों, तकनीकी एवं कौशल विकास संस्थानों तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से युवाओं को उद्यम स्थापना, वित्तीय सहायता, कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई।