राँची
नामकुम थाना क्षेत्र में हुए 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी कांड का रांची पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस के अनुसार शेख अफरोज का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और वह 15 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान चोरी के जेवरात खरीदने के आरोप में लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स के मालिक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी के गहनों को गलाकर नए आभूषण तैयार किए जाते थे ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके छापेमारी के दौरान पुलिस ने 212 ग्राम सोना, 18 किलो चांदी, एक लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी को इस मामले की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 6 से 7 सदस्यों का एक संगठित गिरोह बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह रेकी करने के बाद सुनसान और बंद मकानों में हाथ साफ करता था।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Chanho, Ranchi | Jun 15, 2026