महिला के सिर में चोट मारकर चेन व मोबाईल फोन लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले नाबालिक सहित कुल 4 आरोपी गिरफ्तार।
कब्जा से लूटा हुए मोबाईल फोन भी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 1 जुलाई । गुरुग्राम पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की जा रही प्रभावी कार्यवाहियों की श्रंखला में अपराध शाखा सेक्टर-17, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने 1 लूट के मामले में 1 नाबालिग सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
उपरोक्त संबंध में थाना सिविल लाईन्स, गुरुग्राम में 27 जून को अभियोग संख्या 148, धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अंकित किया गया था। अभियोग में पीड़िता/शिकायतकर्ता ने पुलिस टीम को ब्यान किया कि 25/26 जून 2026 की मध्य रात्रि समय करीब 12:15 बजे जब वह अपनी ड्यूटी समाप्त करके घर लौट रही थी और सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित बांध रोड के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने इसके सिर पर हमला करके इसे गिरा दिया। उसके बाद उन व्यक्तियों ने इसके गले से चेन, लॉकेट तथा इसका मोबाईल फोन लूट लिया। हमले में घायल होने के कारण यह बेहोश हो गई, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17, गुरुग्राम की टीम द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों की सहायता से गहन जांच की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कल ऑटो स्टैंड, पुलिस लाईन्स, गुरुग्राम के पास से उपरोक्त अभियोग में लूट करने की वारदात को अंजाम देने वाले 1 नाबालिग सहित कुल 4 आरोपियों को काबू किया, जिनकी पहचान 1. अजीत निवासी गांव मीतेपुर, जिला मैनपुरी (उत्तर-प्रदेश), 2. वीरपाल उर्फ सतीश निवासी गांव भूपका, जिला जालौन (उत्तर-प्रदेश) व 3. सौरभ निवासी गांव कुरा, जिला आगरा (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई।
आरोपियों से प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात कि उक्त आरोपी अजीत कार डिटेलिंग का, आरोपी वीरपाल वेटर का तथा सौरभ साफ-सफाई का काम करते है और इन सभी की उम्र 18 वर्ष है। ये सभी व इनका नाबालिक साथी राजीव नगर, गुरुग्राम में आसपास रहते है, जिसके कारण ये सभी एक-दूसरे को आपस में जानते है। इन्होंने लूट करने के उद्देश्य से योजना बनाई और लूट करने के लिए उक्त आरोपी सौरभ अपने पी.जी. मालिक से स्कूटी मांगकर लाया, जिस स्कूटी पर सवार होकर इन्होंने उपरोक्त अभियोग में राह चलती महिला को अकेला देखकर उसके साथ लूट करने की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से अभियोग में लूटा गया मोबाईल फोन बरामद किया गया है तथा मामले में अन्य तथ्यों, संभावित आपराधिक गतिविधियों एवं शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के संबंध में पुलिस थाना सिविल लाईन्स, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा गहनता से आगामी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए उपरोक्त तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे गहनता से पूछताछ करके मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों, शेष लूटे गए सामान की बरामदगी तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सके। वहीं, नाबालिग बाल अपचारी को नियमानुसार माननीय किशोर न्याय बोर्ड (J.J. Board) के समक्ष पेश करके किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। गुरुग्राम पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।