बुजुर्ग के कंधे पर बैठकर नाला पार करते दिखे पटवारी, वायरल वीडियो ने खड़े किए संवेदनशीलता पर सवाल
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सरकारी कर्मचारियों की कार्यशैली और संवेदनशीलता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में माटा ग्राम पंचायत के पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नाला पार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नाला पार करते समय पटवारी ने अपने जूते गीले होने से बचाने के लिए बुजुर्ग की मदद ली। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अब सवाल यह है कि क्या सरकारी कर्मचारी के लिए बुजुर्ग के कंधे का सहारा लेना मजबूरी थी या सुविधा? यदि नाला पार करना इतना मुश्किल था, तो क्या प्रशासन ने मौके पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था की थी?
वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना की पूरी परिस्थितियां सामने आना अभी बाकी हैं। हालांकि, वायरल तस्वीर ने सरकारी अमले की संवेदनशीलता और आम लोगों के प्रति जिम्मेदारी पर बहस जरूर छेड़ दी है।
Mauganj, Rewa | Sep 9, 2026