ग्रामीण प्रतिभाओं को मिले मंच तो देश-दुनिया में बन सकती हैं चैंपियन : सुरजीत शर्मा भरमौरी
चम्बा/गरोला।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर देने की। यह बात एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने गरोला में आयोजित अंडर-14 छात्रा जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान कही।
21 विद्यालयों की 188 छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के जिलाध्यक्ष एवं हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
मुख्यातिथि ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी हुई है। यदि इन प्रतिभाओं को सही अवसर और बेहतर मार्गदर्शन मिले तो वे जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चैंपियन बन सकते हैं।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने चम्बा की बेटियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए चुराह की चम्पा ठाकुर और छतराड़ी की नैंसी शर्मा जैसी प्रतिभाओं को ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सफलता गांव या शहर से नहीं, बल्कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से तय होती है।
इस दौरान उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण विद्यार्थी जीवन को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय तियूला और सरकारी हाई स्कूल में शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी टाट पर बैठकर और पट्टी पर लिखकर पढ़ाई की है और उन्हें अपनी ग्रामीण पृष्ठभूमि पर हमेशा गर्व रहा है।
मुख्यातिथि ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। वहीं उन्होंने उपविजेता और अन्य प्रतिभागी छात्राओं से हार से निराश न होकर और अधिक मेहनत करने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।
समापन समारोह में छात्राओं ने खेल मैदान में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। अंत में विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुभाष चन्द, TAC सदस्य हेम राज, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#Under14Girls #SchoolSports #SportsCompetition #RuralTalent #GirlsInSports हिम संदेश Bharmour Administration Adv Surjeet Sharma Bharmouri
Saach, Chamba | Sep 8, 2026